देश

गुरुग्राम पहुंची नूंह हिंसा की आग, कई दुकानों में आगजनी

नूंह हिंसा (Nuh Violence) के बाद पूरे हरियाणा में तनाव की स्थिति बनी हुई है और राज्य के 9 जिलों में आज भी धारा 144 लागू है. सुरक्षा के मद्देनजर बड़ी संख्या में जवानों की तैनाती की गई है और हिंसा में शामिल उपद्रवियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है. इस बीच हिंसा की आग आईटी सिटी गुरुग्राम पहुंच गई है और उपद्रवियों ने मंगलवार शाम को कई दुकानों के अलावा रेस्टोरेंट को आग (Fire in Gurugram) के हवाले कर दिया. गुरुग्राम के अलावा पलवल और रेवाड़ी में भी तोड़फोड़ और आगजनी की गई है, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था और पुख्ता करने के निर्देश दिए गए हैं. हरियाणा सरकार ने इसे सोची-समझी साजिश का हिस्सा बताया है.

गुरुग्राम में आगजनी, माहौल बिगाड़ने की साजिश

हरियाणा में हिंसा की आग अभी भी बुझी नहीं है और नूंह में सोमवार को शुरू हुआ बवाल का असर मंगलवार को गुरुग्राम में देखने को मिला. गुरुग्राम के सेक्टर 70 में उपद्रवियों ने कबाड़ के गोदाम में आग लगा दी. आग की ऊंची उठती लपटों पर काबू पाने में फायर ब्रिगेड को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. ये हाल तब है, जबकि शहर में धारा 144 लगी है.

गुरुग्राम के सेक्टर 70 ही नहीं, बल्कि बादशाहपुर और पटौदी चौक पर भी बवाल हुआ. भीड़ ने कई दुकानों में तोड़फोड़ की और आग लगाकर मौके से फरार हो गए. नूंह में भड़की हिंसा के बाद जब पूरा हरियाणा अलर्ट पर है तो साइबर सिटी में इस तरह का उपद्रव होना पुलिस के दावों की पोल खोलने के लिए काफी है.

गुरुग्राम में भीड़ ने धर्मस्थल में लगाई आग

नूंह में भड़की सांप्रदायिक हिंसा के बाद गुरुग्राम में उपद्रवियों ने एक धर्मस्थल में आग लगा दी और एक व्यक्ति की हत्या कर दी. पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार आधी रात को भीड़ ने गुरुग्राम के सेक्टर 57 में एक निर्माणाधीन धर्मस्थल में आग लगाने के बाद एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी. इससे एक दिन पहले नूंह में हुए हमले के बाद दो और लोगों ने दम तोड़ दिया, जिसके साथ ही मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि नूंह में 10 पुलिसकर्मियों सहित 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं.

अमित शाह ने सीएम मनोहर लाल खट्टर से की बात

नूंह में हुई हिंसा के बाद हरियाणा में हाई अलर्ट है और पुलिस लगातार उपद्रवियों की तलाश में जुटी है. इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने सीएम मनोहर लाल खट्टर (Manohar Lal Khattar) से बात की है. सूत्रों के अनुसार, अमित शाह ने फोन पर सीएम खट्टर से बात की है और हरियाणा में हुई हिंसा के ताजा हालात की ली जानकारी है.

रेवाड़ी में भी हिंसक भीड़ ने मचाया उत्पाद

गुरुग्राम की तरह ही रेवाड़ी में भी हिंसक भीड़ ने उत्पाद (Rewari Violence) मचाया. उपद्रवियों ने यहां दुकान और रेस्टोरेंट में जमकर तोड़फोड़ की. रेस्टोरेंट पर जब हमला हुआ, तब वहां कुछ महिलाएं भी मौजूद थीं जिन्होंने अंदर छिपकर अपनी जान बचाई.

पलवल में भी आगजनी की घटना आई सामने

हरियाणा में तनाव बना हुआ है और इस पर कंट्रोल करने की कवायद भी जारी है. लेकिन, इस बीच, पलवल से जो तस्वीर सामने आई वो भी हैरान करने वाली है. होडल में दंगाइयों ने सामान से भरे 4 ट्रक में आग लगा दी और गाड़ियों में भरा हुआ सामान जलकर राख हो गया. पलवल की ही परशुराम कॉलोनी में झुग्गियों को आग के हवाले कर दिया गया.

पुलिस लगातार कर रही है फ्लैग मार्च

हिंसा ज्यादा ना भड़के और हालात काबू में किए जा सकें, इसके लिए पुलिस लगातार दावे कर रही है. फ्लैग मार्च भी किया जा रहा है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील भी पुलिस के अफसरों ने की है. नूंह के प्रभारी एसपी नरेंद्र बिजरानिया ने बताया कि वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों को डिटेन कर रहे हैं और जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी.

स्टार24 न्यूज़ डेस्क

स्टार24 न्यूज़ डेस्क — Star24 News का समाचार डेस्क। इस खाते से प्रकाशित रिपोर्ट डेस्क पर संकलित की जाती हैं। हर ख़बर के अंत में उसका मूल स्रोत नाम और लिंक सहित दिया जाता है; तस्वीर जहाँ किसी अन्य प्रकाशन की है, वहाँ उसका श्रेय भी अलग से दर्ज होता है। Star24 News के संपादक सुनील कुमार आर्यन हैं। — — — Star24 News Desk. Reports published under this account are compiled at the desk from the sources named and linked at the foot of each story. Where a photograph belongs to another publication, it is credited separately. Star24 News is edited by Sunil Kumar Aaryan.

Related Articles

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}