उत्तर प्रदेशराज्य

कटा सिर लेकर घूमता रहा भाई, ‘मैं चांदबाबू से सच्चा प्यार करता हूं, रात भर समझाया, नहीं माना तो काट दिया’

बाराबंकी के फतेहपुर में अपनी बहन के कुछ समय पहले प्रेमी संग भाग जाने से नाराज एक युवक ने शुक्रवार सुबह उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। उसका सिर धड़ से अलग करने के बाद वह एक हाथ में बांका और एक हाथ में कटा सिर लेकर सहसी से फतेहपुर की तरफ जाने वाली सड़क पर घूमता रहा। इससे पूरे गांव में दहशत फैल गई।

ऑनर किलिंग की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने गांव से करीब एक किलोमीटर दूर फतेहपुर की तरफ जाने वाली सड़क पर उसे गिरफ्तार कर लिया। पिता की तहरीर पर युवक के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक रियाज ने अपनी बहन को घर के पास अहाते में कपड़े धोने भेजा।

फिर वहीं पहुंचकर उस पर ताबड़तोड़ वार करने लगा और आखिर में सिर ही धड़ से अलग कर दिया। रियाज की बहन गत 25 मई को गांव के ही निवासी चांदबाबू के साथ घर छोड़कर चली गई थी। 29 मई को पिता की तहरीर पर चांदबाबू समेत पांच लोगों पर अपहरण का केस दर्ज किया गया।

पिता ने बेटी की उम्र 17 वर्ष बताई थी। पुलिस ने दोनों को खोज निकाला और युवक को जेल भेज दिया, जबकि किशोरी को उसके परिजनों को सौंप दिया। 24 वर्षीय रियाज तभी से अपनी बहन के चाल-चलन को लेकर नाराज था। एसएचओ डीके सिंह ने बताया कि आरोपी मानसिक रूप से स्वस्थ लग रहा है।

बहन को पूरी रात समझाया, फिर लिया हत्या का फैसला
फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र में भाई की ओर से बहन की हत्या के पीछे की वजह जानकर आप दंग रह जाएंगे। जेल से छूटे प्रेमी के साथ ही रहने के लिए वह तय कर चुकी थी। उसने मां, बहन व भाई से साफ कह दिया था कि वह सच्चा प्यार करती है। भाई रियाज पूरी रात बहन को समझाता रहा कि दूसरी जगह शादी करेंगे। युवती ने बात मानने से इंकार किया तो भाई ने बहन की हत्या कर दी।

कोतवाली में गिरफ्तार कर लाए गए युवक ने पुलिस को यह सच्चाई बताई। उसने कहा कि वह भाग नहीं रहा था, बल्कि स्वयं कोतवाली आ रहा था। युवक हम लोगों की जाति से मिलता नहीं था। बहन की शादी कैसे कर सकते थे। परिजनों ने भी पुलिस को यही सच्चाई बताई। फतेहपुर के एसएचओ ने बताया कि युवती का प्रेमी बीरी सात जुलाई को छूट गया था। लेकिन गांव नहीं आया था। हत्या से पहले भी रियाज उसे मनाने व समझाने की कोशिश करने की बात कह रहा है।

बदहवास हुआ पिता, बिलख पड़ीं बहनें
मृतका का पिता साइकिल से फेरी लगाकर सब्जी बेचता है। युवती तीन बड़े भाइयों व चार बहनों में पांचवें नंबर पर थी। इनमें एक भाई व एक बहन की शादी हो चुकी है। युवती दो साल पहले तक मदरसे में पढ़ती थी। इन दिनों वह घर पर ही रहती थी। शुक्रवार सुबह पिता अपने काम के सिलसिले में घर से निकल गया था। सूचना पाकर जब पिता घर पहुंचा तो बदहवास हो गया। बहनें भी बिलख रही थीं। एएसपी उत्तरी आशुतोष मिश्र ने बताया कि बहन के चाल-चलन से क्षुब्ध होकर युवक ने घटना को अंजाम दिया है।

अहाते से सड़क तक बिखरा खून, गांव में सनसनी
हत्या के बाद युवक जब सिर लेकर अहाते से निकला तो टपकता खून सड़क तक फैल गया। इससे गांव में सनसनी फैल गई। महिलाएं दहशत से घरों में दुबक गईं।

स्टार24 न्यूज़ डेस्क

स्टार24 न्यूज़ डेस्क — Star24 News का समाचार डेस्क। इस खाते से प्रकाशित रिपोर्ट डेस्क पर संकलित की जाती हैं। हर ख़बर के अंत में उसका मूल स्रोत नाम और लिंक सहित दिया जाता है; तस्वीर जहाँ किसी अन्य प्रकाशन की है, वहाँ उसका श्रेय भी अलग से दर्ज होता है। Star24 News के संपादक सुनील कुमार आर्यन हैं। — — — Star24 News Desk. Reports published under this account are compiled at the desk from the sources named and linked at the foot of each story. Where a photograph belongs to another publication, it is credited separately. Star24 News is edited by Sunil Kumar Aaryan.

Related Articles

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}