देश

सफलतापूर्वक कक्षा में पहुंचा चंद्रयान-3, 23 अगस्त को इस समय चंद्रमा पर कर सकता है लैंडिंग

ISRO Chandrayaan 3 Launch Date and Time Live : भारत के तीसरे चंद्र मिशन ‘चंद्रयान-3’ (Chandrayaan-3) को लॉन्च कर दिया गया है। चंद्रयान-3 ने दोपहर 2:35 बजे चंद्रमा की ओर उड़ान भरा। इसे आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन स्पेस सेंटर से छोड़ा गया है। 615 करोड़ की लागत से तैयार हुआ यह मिशन करीब 50 दिन की यात्रा के बाद चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास लैंड करेगा। ‘चंद्रयान-3’ को भेजने के लिए LVM-3 लॉन्चर का इस्तेमाल किया गया है। अगर दक्षिणी ध्रुव पर लैंडर की सॉफ्ट लैंडिग होती है, तो भारत दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला विश्व का पहला देश बन जाएगा। वहीं, पीएम मोदी ने ट्वीट कर शुभकामनाएं दीं और कहा कि आज का दिन सुनहरे अक्षरों में अंकित रहेगा। मून मिशन से जुड़ी पल-पल की अपडेट पढ़ें यहां…
लाइव अपडेट

सुदर्शन पटनायक ने दी ‘विजयी भव’ की शुभकामनाएं
Chandrayaan 3: वहीं, सैंड आर्ट के लिए प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय कलाकार पद्मश्री सुदर्शन पटनायक ने भी अपने अंदाज में चंद्रयान-3 मिशन के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने ओडिशा के पुरी समुद्र तट पर 500 स्टील के कटोरे का इस्तेमाल करके चंद्रयान 3 की अद्भुत रेत कला को उकेरा है। इसके साथ ही उन्होंने ‘विजयी भव’ का संदेश देते हुए शुभकामनाएं दी हैं। बता दें कि 22 फीट लंबी इस आकृति को बनाने के लिए उन्होंने 15 टन रेत का इस्तेमाल किया है।

पूर्व इसरो वैज्ञानिक नंबी नारायणन ने दी बधाई
Chandrayaan 3: वहीं, चंद्रयान-3 मिशन पर पूर्व इसरो वैज्ञानिक नंबी नारायणन ने भी इसरो की टीम को बधाई दी है। साथ ही उन्होंने आशा जताई कि हमारे सामने एक बहुत ही सफल मिशन होगा।

स्कूली बच्चों ने जताई खुशी
Chandrayaan 3: आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा में सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र में पहुंचे स्कूली बच्चों ने चंद्रयान 3 की कक्षा में सफल लॉन्चिंग के बाद अपनी खुशी व्यक्त की। एक छात्र ने इस मौके पर कहा कि मुझे बहुत गर्व है कि हमारे वैज्ञानिक और देश इतना अच्छा कर रहे हैं। यह जीवन में एक बार होने वाला अनुभव था और मुझे ऐसा दोबारा कभी देखने को नहीं मिलेगा। वहीं, एक अन्य छात्र ने कहा कि मुझे अपने देश पर बहुत गर्व है। मैं बहुत खुश और उत्साहित हूं।

वहीं, इस दौरान केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि मोदी सराकर के 9 साल के कार्यकाल में अब हम केवल रॉकेट लॉन्च करने तक ही सीमित नहीं हैं…दुनिया अब नेतृत्व करने के लिए हमारी ओर देख रही है। पहले दुनिया हमें इस तरह नहीं देखती थी। उन्होंने कहा कि पूरा मिशन स्वदेशी है, यह आत्मनिर्भर भारत के मंत्र पर खरा उतर रहा है। यह आने वाले वर्षों में एक वैश्विक खिलाड़ी के रूप में, एक अग्रणी वैश्विक खिलाड़ी के रूप में भारत की भूमिका को भी दोहराएगा

Chandrayaan 3: इस बीच,ISRO प्रमुख एस. सोमनाथ ने प्रेस वार्ता करके इस मिशन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अगर सब कुछ सामान्य रहा तो चंद्रयान-3 के 23 अगस्त को शाम लगभग 5.47 बजे चंद्रमा पर उतरने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि हमने पहले साल में देखा कि पहले क्या गलती की थी और उसके बाद दूसरे साल में क्या सुधार किया जाए कि ये बेहतर हो। फिर हमने देखा कि और क्या गलती हुई थी क्योंकि कुछ समस्याएं छिपी होती है जो हमने समीक्षा और टेस्ट द्वारा पता लगाया। तीसरे साल हमने सभी टेस्टिंग की और अंतिम साल में हमने अंतिम संयोजन और तैयारी की। मैं इस कार्य के लिए पूरी टीम को बधाई देता हूं।

Chandrayaan 3 launch: जितेंद्र सिंह ने इसरो और पीएम मोदी को दिया धन्यवाद
चंद्रयान 3 के प्रक्षेपण पर केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि “यह वास्तव में भारत के लिए गौरव का क्षण है और श्रीहरिकोटा में हम सभी के लिए भाग्य का क्षण है, जो बनने वाले इतिहास का हिस्सा थे। भारत को गौरवान्वित करने के लिए टीम इसरो को धन्यवाद और श्रीहरिकोटा के द्वार खोलकर और भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र को सक्षम करके इसे संभव बनाने के लिए पीएम मोदी को धन्यवाद।

Chandrayaan 3 launch: मनसुख मंडाविया ने दी बधाई
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने ट्वीट किया, “गर्व का क्षण, भारत को बधाई! चंद्रयान-3 के सफल प्रक्षेपण पर टीम इसरो को बधाई। ये विशेष क्षण हमेशा याद रखे जाएंगे! हर भारतीय को आज बेहद गर्व है।

Chandrayaan 3 launch: पीएम मोदी बोले- चंद्रयान-3 ने भारत की अंतरिक्ष यात्रा में एक नया अध्याय लिखा
चंद्रयान-3 ने भारत की अंतरिक्ष यात्रा में एक नया अध्याय लिखा। यह हर भारतीय के सपनों और महत्वाकांक्षाओं को ऊपर उठाते हुए ऊंची उड़ान भर रहा है। यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हमारे वैज्ञानिकों के अथक समर्पण का प्रमाण है। मैं उनकी भावना और प्रतिभा को सलाम करता हूं!

Chandrayaan 3 launch: प्रक्षेपण यान से सफलतापूर्वक अलग हुआ उपग्रह
इसरो वैज्ञानिकों ने प्रक्षेपण यान से उपग्रह के सफलतापूर्वक अलग होने की घोषणा की। उपग्रह को अब चंद्रमा की यात्रा शुरू करने के लिए वांछित कक्षा में स्थापित कर दिया गया है।

असम सीएम ने इसरो के वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को दी बधाई
असम सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने ट्वीट किया, यह असाधारण उपलब्धि है! चंद्रयान-3 के सफल प्रक्षेपण के लिए इसरो और प्रतिभाशाली वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को बधाई! अंतरिक्ष अन्वेषण के लिए भारत की प्रतिबद्धता वास्तव में प्रेरणादायक है और यह मिशन निस्संदेह नई खोजों और प्रगति का मार्ग प्रशस्त करेगा।

Chandrayaan 3 launch: चंद्रयान-3 सफलतापूर्वक कक्षा में लॉन्च
चंद्रयान-3 के कक्षा में सफल प्रक्षेपण के बाद इसरो में जश्न मनाया गया। चंद्रयान-3 परियोजना के निदेशक पी वीरमुथुवेल और इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने एलवीएम3-एम 4 वाहन के सफलतापूर्वक कक्षा में लॉन्च करने के बाद अपनी खुशी साझा की। इसरो ने कहा कि चंद्रयान-3 ने अपनी सटीक कक्षा में चंद्रमा की ओर अपनी यात्रा शुरू कर दी है। अंतरिक्ष यान का स्वास्थ्य सामान्य है।

Chandrayaan 3 launch: चंद्रयान-3 की प्रगति की हो रही निगरानी
इसरो टीम श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र में चंद्रमा मिशन चंद्रयान 3 की प्रगति की निगरानी कर रही है।

Chandrayaan 3 launch: चंद्रयान-3 किया गया लॉन्च
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से चंद्रयान-3 चंद्रमा मिशन लॉन्च किया। चंद्रयान-3 एक लैंडर, एक रोवर और एक प्रोपल्शन मॉड्यूल से लैस है। इसका वजन करीब 3,900 किलोग्राम है।

Chandrayaan 3 launch: कुछ ही देर में चंद्रयान3 की लॉन्चिंग
लोग भारत के तीसरे चंद्र अन्वेषण मिशन चंद्रयान-3 के प्रक्षेपण की उलटी गिनती शुरू होते देख रहे हैं। लॉन्च 2:35 बजे के लिए निर्धारित है।

Chandrayaan-3 Launch: चंद्रयान की लॉन्चिंग पर मौजूद हैं ये लोग
केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के तौर श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन सेंटर पहुंचे हैं। इसके अलावा पूर्व इसरो चीफ राधाकृष्णन, के सिवन और एएस किरण कुमार भी चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग पर मौजूद हैं। इनके साथ ही लॉन्चिंग देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचे हैं। सभी इंजन में फ्यूल भरा जा चुका है। इसरो की टीम प्रोग्राम्स और सॉफ्टवेयर की जांच कर रही है। अब से कुछ ही देर में चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग होगी।

स्टार24 न्यूज़ डेस्क

स्टार24 न्यूज़ डेस्क — Star24 News का समाचार डेस्क। इस खाते से प्रकाशित रिपोर्ट डेस्क पर संकलित की जाती हैं। हर ख़बर के अंत में उसका मूल स्रोत नाम और लिंक सहित दिया जाता है; तस्वीर जहाँ किसी अन्य प्रकाशन की है, वहाँ उसका श्रेय भी अलग से दर्ज होता है। Star24 News के संपादक सुनील कुमार आर्यन हैं। — — — Star24 News Desk. Reports published under this account are compiled at the desk from the sources named and linked at the foot of each story. Where a photograph belongs to another publication, it is credited separately. Star24 News is edited by Sunil Kumar Aaryan.

Related Articles

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}